RudraprayagUttarakhand

रुद्रप्रयाग: भीरी में 250 मीटर गहरी खाई में कार गिरने से दर्दनाक हादसा, तीन लोगों की मौत

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना भीरी–ककोला मोटर मार्ग पर हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:54 बजे दुर्घटना की सूचना मिली कि वाहन संख्या UK 13 TA 1991 भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) की टीम अगस्त्यमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन में तीन लोग सवार थे और दुर्घटना इतनी भयानक थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। SDRF टीम ने खाई में उतरकर शवों को निकालने का अभियान शुरू किया, जिसमें एक शव को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य दो शवों को निकालने का कार्य जारी है।

दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  • नवीन सिंह (30 वर्ष), निवासी औरिंग
  • अमित सिंह (35 वर्ष), निवासी सुरसाल
  • अंशुल (28 वर्ष), निवासी सुरसाल

इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन SDRF के साथ मिलकर आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटे हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।