ChamoliCrimeRudraprayagUttarakhand

कर्णप्रयाग: नगरासू गुरुद्वारे में तनाव के बाद पुलिस-आईटीबीपी तैनात, 27 जून तक धारा 163 प्रभावी

हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान हाल ही में कर्णप्रयाग और नगरासू क्षेत्र में हुई घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। कर्णप्रयाग में हुई हिंसक झड़प और तलवारबाजी की घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू कर दी है, जो 27 जून तक प्रभावी रहेगी।

ताजा घटनाक्रम में नगरासू गुरुद्वारे में कुछ निहंग श्रद्धालुओं के व्यवहार को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और आईटीबीपी की अतिरिक्त टुकड़ियां मौके पर तैनात की गईं। प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्ग पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने भी श्रद्धालुओं से संयम और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि कुछ व्यक्तियों की हरकतों को पूरी यात्रा या समुदाय से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए ट्रस्ट प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।

प्रशासन ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। हेमकुंड साहिब यात्रा फिलहाल सुचारु रूप से जारी है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।